Azamgarh: चार पुलिसकर्मी निलंबित, राजीव कुमार सिंह बने रानी की सराय के नए थाना प्रभारी

Azamgarh: पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें रानी की सराय के प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय, उपनिरीक्षक गिरीश तिवारी, उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी तथा निजामाबाद थाने पर तैनात आरक्षी वैभव पटेल शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

वहीं, विमल प्रकाश राय के निलंबन के बाद निरीक्षक राजीव कुमार सिंह को पुलिस लाइन से स्थानांतरित कर थाना रानी की सराय का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, थाना निजामाबाद में दर्ज मु0अ0सं0 06/2026, धारा 123 और 351(2) बीएनएस से संबंधित मामले में शिकायत के निस्तारण तथा अभियुक्त के संबंध में अपेक्षित पुलिस कार्रवाई और सत्यापन में गंभीर लापरवाही सामने आई। अभियुक्त के जमानत पर रिहा होने के बाद उसका आवश्यक सत्यापन कर संबंधित सूचना यक्ष ऐप पर अपलोड किया जाना अपेक्षित था, लेकिन समय से यह कार्रवाई नहीं की गई।

बाद में जमानत पर बाहर आए अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता को धमकी देने और फर्जी आईडी बनाकर फोटो-वीडियो वायरल किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई। प्रकरण की समीक्षा में अभियुक्त के संबंध में अपेक्षित सूचना और सत्यापन की कार्रवाई समय से नहीं किए जाने का मामला सामने आया। एसएसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारी की भूमिका की समीक्षा के बाद प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता पाए जाने पर चारों को निलंबित कर दिया।

ALSO READ: Amethi: अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियुक्तों के सत्यापन, जमानत के बाद निगरानी तथा संबंधित अभिलेख और ऐप पर आवश्यक सूचना समयबद्ध तरीके से दर्ज करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता या अकर्मण्यता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)