बरेली : बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाम में छज्जा विवाद को लेकर हुए झगड़े में मारपीट के दौरान लक्ष्मण प्रसाद की मौत हो गई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों धर्मपाल और करण सिंह को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लकड़ी की फंटी व लोहे की रॉड बरामद कर ली है।
बरेली: मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जाम में छज्जा निकालने को लेकर चल रहा पड़ोसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस मामले में पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल लकड़ी की फंटी और लोहे की रॉड बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम जाम में पड़ोसियों के बीच काफी समय से छज्जा निकालने को लेकर तनाव बना हुआ था। सोमवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में कुंवरपाल के भाई लक्ष्मण प्रसाद उर्फ लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद कुंवरपाल की तहरीर पर थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर मसीहाबाद रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद फरार होने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम जाम निवासी धर्मपाल पुत्र कल्यान तथा थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम ठिरिया ठाकुरान निवासी करण सिंह पुत्र रामस्वरूप शामिल हैं। पूछताछ में करण सिंह ने बताया कि उसकी ससुराल ग्राम जाम में है और ससुराल पक्ष का कुंवरपाल के परिवार से पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन वह ससुराल आया हुआ था और झगड़े के दौरान उसने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वहीं धर्मपाल ने स्वीकार किया कि उसने लकड़ी की फंटी से वार किया था, जिससे लक्ष्मण स्वरूप के सिर में गंभीर चोट लगी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।














































