बलिया डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार, जिला अस्पताल में कूलर-पेयजल और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

बलिया : बलिया में 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गांव-गांव जाकर शत-प्रतिशत कार्ड बनाने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए जिला अस्पताल में कूलर, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में जिला स्वास्थ्य समिति एवं आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जिले में 15 मई 2026 से 14 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिसमे जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांव-गांव अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि जिले में करीब 32 हजार गरीब परिवार ऐसे हैं, जिनके अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं। इसके लिए ब्लाकवार एवं ग्रामवार सूची तैयार कर अभियान को तेजी से चलाया जाए।

Also Read : गोरखपुर एयरपोर्ट पर लगा आयुष्मान आरोग्य शिविर, उप महानिदेशक ने किया उद्घाटन

उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने की जिम्मेदारी सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को देने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि विकास खंड नगरा में एक लाख कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला था, जिसमें 65 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं जबकि 41 हजार कार्ड बनना शेष है। वहीं विकास खंड रेवती में एक लाख 26 हजार कार्ड बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष 86 हजार कार्ड बनाए गए हैं और 40 हजार कार्ड बनना बाकी है।

जिलाधिकारी ने ब्लाकवार समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एएमआईओएस को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिया कि हर हाल में 14 अगस्त तक शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक और गांव के लिए साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एएमआईओएस को एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठक करने को कहा।

साथ ही जनपद के शेष 6,53,615 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से पात्र परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज मिल सकेगा।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला अस्पताल के सभी कमरों में कूलर लगाने, आरओ प्लांट, पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई, प्रकाश एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीएमओ आनन्द प्रकाश एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)