बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक

गोण्डा : गोण्डा में आगामी ईद-उल-जुहा यानी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित प्रशासन और पुलिस के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद करते हुए प्रशासन ने त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।

Also Read : एम्स गोरखपुर के त्वचा रोग विभाग की अभिनव शल्य तकनीक को अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित जर्नल JAAD में मिली स्वीकृति

बैठक में लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को दें। अधिकारियों ने युवाओं से विशेष रूप से सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट न करने की अपील की, ताकि जिले में आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था बनी रहे।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)