Home UP News बलिया एनकाउंटर: गवाह हत्याकांड का फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचे...

बलिया एनकाउंटर: गवाह हत्याकांड का फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचे समेत गिरफ्तार

बलिया एनकाउंटर: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गड़वार थाना पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुराने मुकदमे के गवाह की हत्या के मामले में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 11 बजे गड़वार थाना क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में फरार आरोपी रतसड़-नूरपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।

Also Read: UP: फतेहपुर में पुलिस एनकाउंटर, रेप केस का वांछित आरोपी ओवैश रजा गिरफ्तार, अवैध हथियार भी बरामद

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

पुलिस का दावा है कि खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी सौरभ उपाध्याय ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ उपाध्याय पुत्र देवेंद्र उपाध्याय, निवासी असनवार पंडितपुरा, थाना गड़वार, के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसड़ में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पूछताछ में हत्या की साजिश का किया खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पिता देवेंद्र उपाध्याय के कहने पर और पुराने मुकदमे से जुड़े विवाद के चलते गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की साजिश रची थी। उसने स्वीकार किया कि इस वारदात को अंजाम देने में उसके साथ गोविंद चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान भी शामिल थे। पुलिस इस बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: प्रेमी संग मिलकर पति को सांप से डसवाया! पुलिस ने खोली मेरठ मर्डर मिस्ट्री

तमंचा और कारतूस बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी

मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने बरामदगी को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हत्या के मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)