बरेली में तालाब से तीन युवकों के शव बरामद, गांव में सनसनी

मीरगंज, बरेली : जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के तिलमास गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक तालाब में तीन युवकों के शव उतराते हुए मिले। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतकों की पहचान अंश, आयुष और देव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कुछ ग्रामीण तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरते शवों पर पड़ी। इसके बाद तुरंत गांव में सूचना फैली और परिजन व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

परिजन तीनों युवकों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है।

Also Read : सैफई में पत्रकार पर हमला : फर्जी प्रधान संदीप उर्फ डंपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला हादसा है, आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

हालांकि, यह भी सामने आया है कि परिजन बिना पुलिस को पूरी जानकारी दिए ही शवों को अपने साथ ले गए

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि घटना का वास्तविक कारण सामने आ सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)