फर्रुखाबाद में जनगणना-2027 को लेकर बड़ा अभियान, मीडिया को दी गई विशेष जिम्मेदारी

फर्रुखाबाद : जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर फर्रुखाबाद प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिले के सभी मीडिया कर्मियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें स्व-गणना अभियान की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना विभाग के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को बताया गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण से पहले 7 मई से 21 मई 2026 तक स्व-गणना अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिक अब स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

Also Read : वाहन चेकिंग में तरबगंज पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान मीडिया कर्मियों को स्व-गणना पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और जानकारी भरने की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी कराया। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और चरणबद्ध प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

जिला सूचना एवं संपर्क अधिकारी ने मीडिया से अपील की कि वे इस अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें और जनगणना को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

अब फर्रुखाबाद में जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल होने जा रही है और प्रशासन चाहता है कि हर नागरिक समय रहते अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)