बहराइच : यूपी के बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में घाघरा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर को हुई। पूरा मामला ग्राम पंचायत चहलवा का है, जहां लक्खाबाग निवासी 10 वर्षीय अमित पुत्र लल्लू शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने दोस्तों के साथ चहलवा गांव के पास घाघरा नदी में नहा रहा था। नहाते समय वह नदी की गहराई में चला गया और डूबने लगा, जिस पर साथ मौजूद बच्चे चीखने लगे।
बच्चे को डूबता देख पास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह नदी में गायब हो चुका था। स्थानीय गोताखोरों शमशेर सिंह, हरिश्चंद्र, लल्लू सिंह, राजेंद्र प्रसाद, अमित और गोलू ने बच्चे की तलाश शुरू की। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
Also Read : वाहन चेकिंग में तरबगंज पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा, कांस्टेबल मनीष और विपिन यादव मौके पर पहुंचे। हलका लेखपाल संजय सिंह और सयाहक आदर्श गौतम की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने लोगों को नदी में नहाने और जान जोखिम में डालने वाली अन्य गतिविधियों से बचने के लिए जागरूक किया। मृतक अमित के परिवार में उसके माता-पिता के अलावा 12 वर्षीय बड़ी बहन रोशनी और 6 वर्षीय छोटा भाई सुमित हैं।












































