बरेली : जनपद में इन दिनों बाइक चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। महज तीन दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी होने के मामले सामने आए हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना भुता थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव की है। यहां रहने वाले मुकेश कुमार 20 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे श्रीश्याम पैलेस में एक बारात समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह बाहर आए तो उनकी यामाहा बाइक वहां से गायब थी। काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका।
दूसरी वारदात इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई, जहां अरुण यादव की स्प्लेंडर बाइक 22 अप्रैल की रात करीब 10 बजे बन्नूवाल नगर फेस-2 स्थित व्यास इंटर कॉलेज के पास से चोरी हो गई। पीड़ित ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चला।
तीसरी घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र की है। रेलवे कर्मचारी सूरजपाल ने 23 अप्रैल को अपनी पल्सर बाइक रेलवे वर्कशॉप के बाहर खड़ी की थी। दोपहर करीब 12 बजे लंच के दौरान जब वह बाहर आए तो बाइक गायब थी।
तीनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। वहीं, लगातार हो रही चोरियों से लोगों में भय व्याप्त है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।














































