‘भाजपा नारी को नारा बनाना चाहती है…’, PM मोदी की रैली में अव्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव का हमला

वाराणसी (Varanasi) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था की खबर सामने आई है। कार्यक्रम में शामिल कुछ मेडिकल और नर्सिंग छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद अन्य छात्राएं उन्हें संभालती नजर आई।

लंबे समय तक धूप में बैठने का आरोप

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई थीं। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें काफी देर तक तेज धूप में पंडाल के सामने बैठाकर रखा गया। साथ ही, पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी थी, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। कार्यक्रम से लौटते समय एक-दो छात्राएं चक्कर खाकर गिर गईं, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।

Also Read: ‘ये पहली सरकार है, जो सरकार में रहकर विपक्ष में आने की प्रैक्टिस कर रही…’, जन आक्रोश पदयात्रा पर अखिलेश यादव का तंज

अखिलेश यादव ने साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधान संसदीय क्षेत्र में ये है भाजपा का दिखावटी ‘नारी वंदन’ जहाँ सड़कों पर बेहोश होकर नारी अचेत पड़ी है पर कोई इनकी सुननेवाला नहीं है। हम फिर दोहरा रहे हैं, ‘भाजपा नारी को नारा बनाना चाहती है।’ भाजपाइयों ने नारी का न कभी सम्मान किया है, न करेंगे।

कार्यक्रम की पृष्ठभूमि

प्रधानमंत्री मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे थे, जहां बीएडब्ल्यू ग्राउंड में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, लेकिन अव्यवस्था के आरोपों ने कार्यक्रम के बाद सियासी माहौल गरमा दिया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )