Jaunpur: रात के अंधेरे में घर के पीछे से दाखिल हुए चोरों ने ऐसा खेल खेला कि सुबह होते ही परिवार के होश उड़ गए। कमरे से लोहे का बक्सा उठाकर चोर उसे छत पर ले गए और वहीं तोड़कर करीब चार लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह छत पर टूटा बक्सा देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। चोरी की इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी और परिवार में दहशत का माहौल है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मामला शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि बीती रात उक्त गांव निवासी जयनाथ कुमार के घर के पीछे की तरफ से चोर अंदर घुसे । इसके बाद कमरे में रखा लोहे का बक्सा उठाकर छत पर ले गए। छत पर चोरों ने बक्से को तोड़ दिया और उसमें रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोग जागे और छत पर पहुंचे तो टूटा हुआ बक्सा देखकर उनके होश उड़ गए। बक्से से आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है और चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। रात के सन्नाटे में हुई इस चोरी ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



















































