चंदौली : सपा नेत्री गार्गी पटेल के साथ हुई मारपीट के मामले में सियासत लगातार गरमाती जा रही है। पक्ष और विपक्ष के नेताओं का गार्गी पटेल से मिलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती गार्गी पटेल का हालचाल जाना।
“कायरतापूर्ण हमला, कानून व्यवस्था बिगड़ी”
मीडिया से बातचीत के दौरान मनोज सिंह काका ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण हमला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों को संरक्षण मिलने के कारण ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।
भाजपा नेताओं को बताया “धार्मिक और राजनीतिक धंधेबाज”
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें “धार्मिक और राजनीतिक धंधेबाज” तक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले के आरोपियों को भाजपा के एक नए मंत्री का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण कार्रवाई में देरी हो रही है।
“सपा का एक-एक कार्यकर्ता साथ”
मनोज सिंह काका ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ गार्गी पटेल के साथ खड़ी है और पार्टी कार्यकर्ताओं पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
“नहीं हुई कार्रवाई तो होगा आंदोलन”
उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
मनोज सिंह काका, राष्ट्रीय प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी
“गार्गी पटेल पर हुआ हमला बेहद निंदनीय और कायरतापूर्ण है। समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है। दोषियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, इसलिए प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए कठोर कदम उठाने चाहिए।”













































