चंदौली: मुगलसराय के गल्ला मंडी वार्ड नंबर 25 में नगर पालिका की ओर से खोदा गया नाला करीब दो से चार महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। नाला खुला होने के कारण स्थानीय लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने के बाद कार्यदायी संस्था नाले को खोदकर छोड़ गई, जिससे अब हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय निवासी अनुराग शर्मा ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले नाला खोदा गया था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। खुले नाले में आए दिन लोग गिर रहे हैं। परसों रात एक ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें सवार यात्री नाले में जा गिरे। उन्होंने बताया कि खुले नाले में गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप भीबढ़गया है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नगर पालिका में शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
Also Read: UP: बारिश बनी हादसे की वजह! डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार लोग घायल
वहीं आकाश जायसवाल ने बताया कि नाला पिछले दो महीनों से खुला पड़ा है। कार्यदायी संस्था द्वारा नाले की पांच बार नापी भी की जा चुकी है, लेकिन निर्माण या ढकने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नाला तोड़ने में जितनी तेजी दिखाई गई, उतनी तेजी निर्माण में नहीं दिखाई जा रही है। खुले नाले के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं और मच्छरों से बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में दवा का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा।
प्रदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि तीन-चार महीने से अधूरे नाले के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। हाल ही में एक युवक नाले में गिर गया। नाले से सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव भी निकलकर घरों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब आठ दिनों तक पानी की सप्लाई भी बाधित रही, जो काफी परेशानी के बाद शनिवार सुबह बहाल हुई।स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के मौसम को देखते हुए नाले का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।


















































