UP: बहराइच कोतवाली नानपारा क्षेत्र के हांडा बसेहरी में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान कदीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके चार साथियों कृष्णा, कुलदीप, हरेंद्र और उदयराज को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तमंचा, 9 एमएम के कारतूस, ईको कार, चोरी किए गए बिजली के तारों के कई बंडल और तार काटने के औजार बरामद किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि गिरोह क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम से उनका सामना हो गया। पुलिस की कार्रवाई में कदीर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
घटना के बाद एसपी बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई बिजली तार चोरी की वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। वीडियो में पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर कार्रवाई और बरामदगी के संबंध में जानकारी देते हुए देखा जा सकता है।


















































