Chandauli: बुधवार को सतपोखरी गांव में लंबे समय से जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में नाराजगी दिखाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के रास्ते पर पिछले कई वर्षों से पानी जमा है। बारिश होने के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी के साथ स्कूली बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
गांव निवासी उमा सिंह ने बताया कि जलजमाव की समस्या दो साल से अधिक समय से बनी हुई है। बरसात के पूरे मौसम में परेशानी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी से रास्ते को ठीक कराने और आवागमन सुचारू कराने की मांग की। इकरामुद्दीन ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होते ही रास्ता आने-जाने लायक नहीं रह जाता है। कई लोग दूसरे रास्ते या घरों के पीछे से होकर निकलने को मजबूर होते हैं। उन्होंने जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
युवक अर्सलान रहमान ने बताया कि जलजमाव की समस्या तीन-चार साल से है। उन्होंने बताया कि विधायक रमेश जायसवाल से भी शिकायत की गई थी और आश्वासन मिला था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना था कि सड़क दुरुस्त कराने के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था जरूरी है। वहीं छात्रा हानिया ने बताया कि जलजमाव के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चे आए दिन गिर जाते हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बच्चे अनुपस्थित भी रहते हैं। उसने बताया कि उसके भाई-बहन भी रास्ते में गिर चुके हैं। छात्रा ने प्रशासन से सुरक्षित और बेहतर रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि जगह-जगह गड्ढों और नालियों की खराब स्थिति के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहता है। उन्होंने जिलाधिकारी से जलनिकासी की व्यवस्था कराने, सड़क को दुरुस्त कराने और स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।














