सीएमओ ने मोहम्मदाबाद सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद कर परखी स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, चिकित्सकों की कमी जल्द दूर करने का दिया भरोसा

मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद। जनपद के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने मंगलवार को मोहम्मदाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। सीएमओ के साथ डिप्टी सीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर तथा डॉ. दीपक कटारिया भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी लैब, राजकीय किशोर स्वास्थ्य केंद्र, लेबर रूम, जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) वार्ड, डेंटल केयर यूनिट, वीपीएन यूनिट और आरएनटीसीपी केंद्र सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत करते हुए सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया, जिस पर सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read – ‘प्रसाद’ में नशीला दूध, फिर दुष्कर्म….IIT इंजीनियर से साधु बना अभिषेक मिश्रा रेप के आरोप में गिरफ्तार,ऑनलाइन प्रवचन से फंसाता था युवतियां!

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि सीएचसी में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आवश्यक डॉक्टरों की तैनाती कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और स्टाफ के बावजूद कर्मचारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. सन्नी मिश्रा सहित अस्पताल का समस्त चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। सीएमओ के निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में पूरे दिन सक्रियता का माहौल बना रहा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)