अमेठी : अमेठी जिले में बदहाल हो चुकी विद्युत व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आज कांग्रेस नेता राम लखन शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने गौरीगंज तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से पूरे जनपद में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। सभी फीडरों पर दिन-रात बार-बार बिजली काटी जा रही है। इससे आम जनमानस अत्यंत परेशान है। अघोषित कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल पा रही है। व्यापारियों और दुकानदारों का दैनिक कामकाज ठप हो रहा है।
कांग्रेस नेता राम लखन शुक्ला ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली से लोग बेहाल हैं। क्षेत्र में जगह-जगह विद्युत तार और खंभे जर्जर हालत में हैं। जर्जर तार टूटने से बार-बार फॉल्ट होता है और घंटों आपूर्ति बाधित रहती है। कई स्थानों पर तार इतने नीचे लटक रहे हैं कि हादसे का खतरा बना हुआ है।
ज्ञापन में मांग की गई कि अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कराई जाए। जहां-जहां जर्जर वैद्युत तार और पोल हैं, उन्हें शीघ्र बदलवाया जाए। सभी फीडरों पर नियमित और सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












































