प्रतीक यादव की तेरहवीं में पहुंचे सीएम योगी : अखिलेश समेत पूरा यादव परिवार रहा मौजूद

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की तेरहवीं (13वीं) आज विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की।

सीएम योगी ने परिवार को दी सांत्वना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव (प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष) समेत पूरे परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

अखिलेश यादव समेत यादव परिवार मौजूद

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने छोटे भाई प्रतीक यादव की तेरहवीं में पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव सहित यादव परिवार के लगभग सभी सदस्य एकत्र हुए। पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है।

Also Read: UP: कैराना सांसद इकरा हसन पुलिस हिरासत में, DIG ऑफिस के बाहर जमकर हंगामा!

प्रतीक यादव का निधन

प्रतीक यादव का निधन 13 मई 2026 को हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, फेफड़ों की बीमारी उनकी मृत्यु का कारण बनी। उनके निधन के अगले दिन भैंसाकुंड श्मशान घाट पर अंत्येष्टि संपन्न हुई थी।

कार्यक्रम में भारी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

कार्यक्रम स्थल पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। हालांकि सुरक्षा कारणों से प्रवेश को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं। केवल चुनिंदा लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के भी शामिल होने की संभावना है।

प्रतीक यादव के निधन पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है। परिवार ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है। यह कार्यक्रम राजनीतिक और पारिवारिक एकता का प्रतीक बनता दिख रहा है, जहां विपरीत विचारधारा वाले नेता भी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े दिखे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)