साइबर फ्रॉड के शिकार पीड़ित को मिली राहत, पुलिस ने लौटाए 1.01 लाख रुपये

सहारनपुर में साइबर क्राइम पुलिस की सक्रियता से एक पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। थाना साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए नवनीत कुमार के खाते में 1,01,003 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी।

जानकारी के अनुसार, नवनीत कुमार निवासी पंजाबी बाग, हकीकतनगर, सदर बाजार सहारनपुर ने 4 सितंबर 2025 को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर क्रेडिट कार्ड का सर्विस चार्ज हटाने का झांसा दिया और एक संदिग्ध लिंक खुलवाकर उनके क्रेडिट कार्ड से 1,01,003 रुपये निकाल लिए। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर और साइबर क्राइम अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना साइबर क्राइम टीम ने तेजी से कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्यवाही करते हुए पीड़ित की पूरी धनराशि वापस कराई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने सहारनपुर पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल हरिओम गोस्वामी, निशांत और महिला हैड कांस्टेबल कुमकुम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और कभी भी ओटीपी साझा न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।