भीषण गर्मी से निपटने को जिला अस्पताल अलर्ट, 7 बेड का हीटवेव वार्ड तैयार; CMS ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सहारनपुर : भीषण गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। प्रमुख अधीक्षक (CMS) डॉ. रवि प्रकाश ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान CMS ने ओपीडी पहुंचकर मरीजों से सीधे बातचीत की और उनका हालचाल जाना।

इस दौरान वे डायलिसिस रूम और हड्डी वार्ड भी पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों से इलाज को लेकर फीडबैक लिया। एक मरीज बशीर से बातचीत करते हुए CMS ने पूछा कि क्या इलाज के दौरान किसी ने पैसे की मांग की, जिस पर मरीज ने साफ कहा कि उससे कोई पैसा नहीं लिया गया और इलाज बेहतर मिल रहा है।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा

CMS डॉ. रवि प्रकाश ने बताया कि हीटवेव से निपटने के लिए अस्पताल में 7 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है। इस वार्ड में ऑक्सीजन सिलेंडर, जरूरी दवाइयां, आइस पैक और स्पंजिंग की पूरी व्यवस्था मौजूद है। उन्होंने बताया कि फिलहाल हीटवेव के मरीज आने शुरू नहीं हुए हैं, लेकिन अस्पताल पूरी तरह तैयार है।

वहीं, ओपीडी में रोजाना करीब 1400 से 1500 मरीज आ रहे हैं और सभी डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर मौजूद हैं। पैथोलॉजी और अन्य जांच सेवाएं भी सुचारू रूप से चल रही हैं। अंत में CMS ने लोगों से अपील की कि वे गर्मी से बचाव करें, धूप में निकलते समय सिर ढककर रखें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी या शिकंजी का सेवन करते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।