देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को देवरिया मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, एमसीएच विंग, चिल्ड्रेन वार्ड और ओपीडी समेत विभिन्न कक्षों का गहन निरीक्षण किया।
मरीजों से की बातचीत
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इमरजेंसी और एमसीएच विंग पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान DM ने इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और वार्डों में साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। एमसीएच विंग के निरीक्षण में उन्होंने गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड की जांच की और गर्भवती महिलाओं की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अनावश्यक रेफर पर चेतावनी
जिलाधिकारी ने अस्पताल से रेफर किए जा रहे मरीजों के मामलों की भी छानबीन की। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि बिना गंभीर कारण के किसी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर करने की शिकायत मिलने पर संबंधित चिकित्सक या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यथासंभव सभी मरीजों को मेडिकल कॉलेज में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
साफ-सफाई और समयबद्धता पर जोर
DM हुल्गी ने सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय समय का पूर्ण पालन करें और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
निरीक्षण के दौरान डॉ. आर.के. श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।
नए जिलाधिकारी के सख्त रुख और सक्रिय निरीक्षण से मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिले हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )












































