सीएचसी में मासूम की पायल चोरी की कोशिश से मचा हड़कंप, महिला रंगेहाथ दबोची गई

कायमगंज, फर्रुखाबाद : कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इलाज कराने आई एक मासूम बच्ची की चांदी की पायल चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया। अस्पताल में मौजूद लोगों की सतर्कता से आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव विजयदेपुर निवासी मीनू पत्नी सत्यम अपनी करीब एक वर्षीय बेटी को इलाज के लिए सीएचसी लेकर आई थीं। महिला डॉक्टर को दिखाने के बाद वह दवा लेने के लिए पर्चा काउंटर पर लाइन में लगी थीं। इसी दौरान अस्पताल में काफी भीड़ थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ का फायदा उठाकर एक संदिग्ध महिला बच्ची के पास पहुंची और उसे बहलाने के लिए ₹2 का सिक्का दे दिया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से बच्ची के पैर से चांदी की पायल उतार ली और वहां से निकलने लगी।

Also Read: TCS Nashik Case : TCS नासिक केस में बड़ा अपडेट, NIA ने संभाली जांच, विदेशी फंडिंग और हवाला नेटवर्क की आशंका, जांच तेज

कुछ देर बाद जब मां की नजर बच्ची के पैर पर पड़ी तो एक पायल गायब थी। यह देख वह घबरा गईं और शोर मचा दिया। शोर सुनते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों ने संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि लोगों को शक होने पर अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर मौजूद महिला को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बच्ची की चोरी हुई पायल बरामद हो गई। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अंकुर भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read : TCS Nashik Case: 25 दिन तक फरार रही निदा खान कैसे आई पुलिस के हत्थे? TCS धर्मांतरण केस में बड़ा एक्शन

घटना के दौरान एक और मामला चर्चा में रहा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने मीडिया कर्मियों से खबर न चलाने और वीडियो न बनाने की बात कही, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

इस घटना ने सीएचसी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि इलाज के लिए आने वाले मरीज और उनके परिजन आखिर अस्पताल परिसर में कितने सुरक्षित हैं?

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )