देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से फैमिली आईडी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्यों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लापरवाही पर 6 अपर सांख्यिकी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि वे अपने कार्यों में तत्काल सुधार लाएं और लक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों का वेतन रोके जाने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद फैमिली आईडी कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विशेष प्रयास करते हुए कार्य में तेजी लाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए फैमिली आईडी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गूगल मीट के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व), डीसी मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं अपर सांख्यिकी अधिकारी मृत्युंजय प्रसाद चतुर्वेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












































