मिर्जापुर: कुएं पर बैठा था मगरमच्छ, पानी लेने पहुंचे तो उड़ गए होश, ग्रामीणों ने ऐसे किया रेस्क्यू

मिर्जापुर: मड़िहान थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब घाघर नहर से निकलकर एक मगरमच्छ किसान पप्पू पटेल के कुएं में जा पहुंचा। शुक्रवार की भोर में मगरमच्छ कुएं की जगत पर बैठा दिखाई दिया। ग्रामीणों की नजर पड़ते ही वह पानी में कूद गया, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई।

पानी लेने पहुंचे परिवार ने देखा मगरमच्छ

सुबह पप्पू पटेल के परिवार के लोग कुएं पर पानी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं की जगत पर बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। लोगों को देखते ही मगरमच्छ कुएं में कूदकर पानी के अंदर चला गया। कुएं में मगरमच्छ होने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने पानी का इस्तेमाल बंद कर दिया और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

Also Read: UP: इटावा सफारी में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर रेस्क्यू अभियान तेज, 10 पक्षियों का सुरक्षित रेस्क्यू

कुएं के पास ग्रामीणों ने रखा पहरा

मगरमच्छ के पकड़े जाने तक परिवार के साथ अन्य ग्रामीण भी कुएं के आसपास निगरानी करते रहे। ग्राम प्रधान सूरज सोनकर ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी। हालांकि, कुएं में अधिक पानी होने के कारण वन विभाग की टीम ने तत्काल मगरमच्छ को पकड़ने में असमर्थता जताई। इसके बाद ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की मदद से जाल की व्यवस्था कराई।

जाल में फंसा मगरमच्छ, बाहर निकाला

ग्रामीणों ने जाल को कुएं में डाला और काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को उसमें फंसा लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से कुएं से बाहर निकाला गया। मगरमच्छ को बाहर निकालने के बाद वन विभाग की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया और उसे विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद पप्पू पटेल के परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Also Read: मुजफ्फरनगर: 10 साल बाद नशीले पदार्थ के केस में अशोक भारती दोषमुक्त, जज बोले- ‘कोर्ट के चक्कर काटना भी दंड से कम नहीं’

घाघर नहर में मगरमच्छों की मौजूदगी से डर

ग्राम प्रधान सूरज सोनकर ने बताया कि इन दिनों घाघर नहर में कई मगरमच्छ दिखाई दे रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों में भय का माहौल है। वहीं, मड़िहान रेंज के रेंज अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया गया था। वन विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई और बाद में किसी अन्य जलाशय में छोड़ दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)