मथुरा : थाना जमुनापार क्षेत्र के अंतर्गत गोकुल रोड पर टैंकरों से अवैध रूप से एथेनॉल निकालकर पेट्रोल में मिलावट करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस, रिवार्डिड टीम, आबकारी और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह लक्ष्मी नगर स्थित ‘ब्रजवासी ढाबा’ पर छापा मारकर गिरोह के सरगना (ढाबा मालिक) सहित पांच अभियुक्तों को दबोच लिया। मौके से चार तेल के टैंकर, एक ईको कार और करीब 300 लीटर अपमिश्रित तरल पदार्थ बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रजवासी ढाबा पर आने-जाने वाले टैंकरों से चोरी-छिपे एथेनॉल निकाला जाता है और फिर उसे पेट्रोल में मिलाकर ऊंचे दामों पर बाजार में खपाया जा रहा है। इस सूचना पर पूर्ति निरीक्षक और आबकारी निरीक्षकों के साथ पहुंची संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर मौके से अलीगढ़ निवासी ढाबा मालिक भूरा उर्फ मनोज, आगरा निवासी राजेंद्र प्रसाद, अमरोहा निवासी ओमपाल, मेरठ निवासी अंसार और बुलंदशहर निवासी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया।
अपराध का तरीका और बरामदगी
पकड़े गए अभियुक्त टैंकरों से तेल निकालने के पाइप और विशेष उपकरणों का प्रयोग करते थे। पुलिस ने घटना स्थल से चार बड़े टैंकर और मिलावटी तेल ढोने में प्रयुक्त ईको गाड़ी को कब्जे में लिया है। साथ ही छह केन में भरा 300 लीटर अपमिश्रित तेल भी जब्त किया गया है।
पुराना अपराधी है ढाबा मालिक
पकड़ा गया ढाबा मालिक भूरा उर्फ मनोज पहले भी जमुनापार थाने से आबकारी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना जमुनापार में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश कुमार, पूर्ति निरीक्षक रविकांत, आबकारी निरीक्षक ईशा गोयल और रिवार्डिड टीम के प्रभारी सावेज चौधरी की मुख्य भूमिका रही।
















































