PNB करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ के नकली नोट! RBI टीम ने शुरू की जांच

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में मंगलवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की टीम जांच के लिए पहुंची। RBI के छह अधिकारी मेरठ नंबर की दो गाड़ियों से सुबह करीब 8 बजे बैंक पहुंचे। टीम चार घंटे से अधिक समय तक बैंक के अंदर जांच करती रही और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की।

करेंसी चेस्ट में आवाजाही पर रोक

जांच के दौरान बैंक परिसर में आम लोगों की आवाजाही सामान्य रही, लेकिन करेंसी चेस्ट को पूरी तरह सीलनुमा निगरानी में रखा गया है। किसी भी कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति को करेंसी चेस्ट के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। RBI अधिकारी नकदी के साथ-साथ रिकॉर्ड, दस्तावेज और करेंसी चेस्ट से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कागजात की भी पड़ताल कर रहे हैं।

Also Read: उत्तर प्रदेश : रायबरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा महाघोटाला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य एजेंट सहित 5 और गिरफ्तार

तीन अधिकारी निलंबित, चार पर FIR

मामला सामने आने के बाद PNB प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। वहीं सदर बाजार थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। PNB मेरठ के मुख्य प्रबंधक एवं जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर दर्ज FIR में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील कुमार, यमुनानगर-जगाधरी में तैनात करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार और पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को आरोपी बनाया गया है।

जयपुर भेजी रकम में सामने आई कमी

मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब सहारनपुर करेंसी चेस्ट से जयपुर भेजी गई नकदी की गिनती में अंतर मिला। घंटाघर स्थित बैंक शाखा में पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को करीब 11.50 करोड़ रुपये की नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम सौंपा गया था। इसमें गले, कटे और अन्य श्रेणी के नोट शामिल थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत यह रकम 5 अगस्त को जयपुर भेजी गई, जहां गिनती के दौरान 4 लाख 30 हजार 900 रुपये कम मिले।

Also Reas: UP: 100 से अधिक म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का खुलासा, अलीनगर पुलिस ने दो साइबर आरोपियों को दबोचा

CCTV से खुला राज, ऑडिट के बाद बढ़ी जांच

रकम कम मिलने की जानकारी के बाद मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे को सहारनपुर भेजा गया। जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें हाउसकीपर विशाल कुमार कथित तौर पर नोटों की गड्डियों से रुपये निकालता नजर आया। इसके बाद उसे काम से हटा दिया गया और चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। हाउसकीपर से जुड़ी अनियमितता सामने आने के बाद बैंक ने 9 अगस्त से करेंसी चेस्ट का ऑडिट शुरू कराया, जिसमें करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने की बात सामने आई।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)