UP: बरेली (Bareilly) में थाना शाही क्षेत्र में एक करीब 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक, 28 अगस्त को दोपहर में परिवार के सदस्य नमाज पढ़ने गए थे, जबकि किशोरी घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
जीशान पर किशोरी को साथ ले जाने का आरोप
मोहल्ला रजा नगर निवासी किशोरी के पिता के अनुसार, वह अपने दोनों बेटों के साथ नमाज पढ़ने गया था। इसी दौरान उनकी भतीजी सोफिया ने किशोरी को मोहल्ले के जीशान के साथ जाते हुए देखने की जानकारी परिवार को दी। नमाज के बाद घर लौटने पर बेटी के न मिलने से परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
घर से जेवर गायब होने की भी शिकायत
परिजनों ने किशोरी को आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच घर में रखे सोने-चांदी के कुछ जेवर भी गायब पाए गए। इसके बाद किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
आरोपी के भाई पर धमकी देने का आरोप
किशोरी के पिता का आरोप है कि तलाश के दौरान जब वह जीशान के घर के पास पहुंचा तो उसका भाई फैजान वहां मिला। आरोप है कि फैजान ने उसके साथ गालीगलौज की और दोबारा वहां आने पर जान से मारने की धमकी दी। पिता ने बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द उसकी बरामदगी की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, तलाश में जुटीं टीमें
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किशोरी के मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















































