Fatehpur: मिलावट पर प्रशासन का बड़ा वार: 30 कुंतल मिठाई नष्ट, 134 किलो रिफाइंड तेल सीज

Fatehpur: रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। खागा क्षेत्र के सतनरनैनी गांव में मिठाई निर्माण कारखाने पर छापेमारी के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही मिठाइयों का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने कारखाने और कोड़ापुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज से कुल 30 कुंतल संदिग्ध मिठाई नष्ट कराई, जबकि 134 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज कर दिया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने खागा थाना क्षेत्र के ग्राम सतनरनैनी स्थित बबलू के मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। यहां दूध, मिल्क पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और चीनी से मिल्क केक, बर्फी और छेना रसगुल्ला तैयार किए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब मिली।

ALSO READ: UP: चौमुहां में सुबह की बारिश से आफत, छटीकरा हाईवे की सर्विस रोड बनी तालाब, मथुरा सिटी बस पानी में फंसी

मिल्क केक, बर्फी और छेना के नमूने जांच को भेजे

मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। मौके पर मिला 134 किलो रिफाइंड तेल सीज कर दिया गया। कारखाने में तैयार करीब 10 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई।

कोल्ड स्टोरेज में भी मिला मिठाई का बड़ा जखीरा

जांच में पता चला कि इसी कारखाने में तैयार मिठाई को रक्षाबंधन पर बिक्री के लिए कोड़ापुर स्थित पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। टीम ने वहां पहुंचकर जांच की तो करीब 20 कुंतल मिठाई मिली। गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर संदिग्ध पाए जाने पर उसे भी नष्ट करा दिया गया। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 30 कुंतल मिठाई का निस्तारण कराया गया।

ALSO READ: UP: मुरादाबाद में 9 तेंदुआ का सफल रेस्क्यू, ट्रैप केज के जरिए वन विभाग की बड़ी कामयाबी

सुधार होने तक बंद रहेगा कारखाना

खाद्य विभाग ने कारखाना संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक आवश्यक सुधार होने तक कारखाना बंद रहेगा। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम खागा अश्वनी पाण्डेय और सीओ खागा रवि सिंह मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा टीम में सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)