UP: मथुरा में सोमवार की सुबह क्षेत्र में हुई मूसलाधार बरसात ने स्थानीय प्रशासन के दावों की पोल खोल कर रख दी। कुछ ही घंटों की बारिश से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया और जगह-जगह भारी जलभराव देखने को मिला। इसके कारण आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। सबसे खराब स्थिति छटीकरा हाईवे पर बने सर्विस रोड की देखने को मिली। सर्विस रोड पर कई फीट पानी जमा हो जाने के कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए।
जानिए पूरा मामला क्या है?
जलभराव के चलते हाईवे और सर्विस रोड पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। इसी जलभराव के दौरान मथुरा सिटी बस सर्विस की एक बस गहरे पानी के बीच जाकर अचानक बंद हो गई। बस बंद होते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का स्तर बढ़ता देख यात्रियों को मजबूरी में बस से उतरकर गंदे पानी के बीच से होकर पैदल ही बाहर निकलना पड़ा।
ALSO READ: UP: बरेली में बारिश से BRC परिसर जलमग्न, पानी के बीच प्रशिक्षण लेने पहुंचे शिक्षक
यात्रियों ने प्रशासन की इस लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है।एक तरफ जहां इस जलभराव से राहगीर और वाहन चालक परेशान थे, वहीं दूसरी तरफ सर्विस रोड पर जमा हुए बरसाती पानी में बच्चे बेखौफ होकर नहाते और खेलते हुए नजर आए। गहरे पानी में बच्चों का इस तरह नहाना किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता है, लेकिन इस ओर ध्यान देने वाला कोई नहीं था। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस रोड पर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































