अक्षय तृतीया से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: वृंदावन में खपाने के लिए धौलपुर से मंगवाया मिलावटी पेड़ा… 1.10 लाख की मिठाई नष्ट

मथुरा : अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने की कोशिश को खाद्य सुरक्षा विभाग ने नाकाम कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम ने छटीकरा और गोवर्धन क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी मिठाई बरामद की।

विभाग ने अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखी लगभग 3.5 क्विंटल मिठाई को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में सचल दल ने छटीकरा स्थित अग्रवाल स्वीट्स पर छापा मारा। मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमरचंद नामक व्यक्ति धौलपुर (राजस्थान) से बड़े पैमाने पर मिलावटी पेड़ा वृंदावन क्षेत्र में खपाने की तैयारी में है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में प्लास्टिक की बोरियों में बेहद गंदगी के बीच रखा पेड़ा, मिल्क केक और बर्फी बरामद हुई।

अधिकारियों ने विक्रेता की सहमति से 220 किलो पेड़ा, 90 किलो मिल्क केक और 40 किलो बर्फी (अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये) को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

Also Read: Noida Labour Protest: नोएडा में फिर बवाल! सेक्टर-80 में फिर भड़का मजदूरों का प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

छटीकरा के साथ-साथ खाद्य विभाग की टीम ने गोवर्धन के मानसी गंगा क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह और भरत सिंह ने वहां से पेड़े के चार नमूने संग्रहित किए। विभाग ने दिन भर की कार्रवाई में कुल 14 नमूने एकत्र किए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह, दलवीर सिंह, अरुण कुमार, धर्मेंद्र सिंह और राम नरेश की टीम ने बताया कि सभी 14 नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)