UP: मिडिल ईस्ट संकट के चलते देशभर में LPG सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने और पैनिक बुकिंग के कारण उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत बनी हुई है। कई जिलों में लखनऊ, हापुड़, कानपुर एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
हापुड़ में हार्ट अटैक का मामला
मंगलवार सुबह हापुड़ की एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक युवक को अचानक हार्ट अटैक आ गया। युवक वहीं जमीन पर गिर पड़ा। आसपास खड़े लोगों ने तुरंत CPR देने की कोशिश की और उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।यह घटना LPG संकट से जुड़ी दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें लंबी लाइन में खड़े रहने के कारण किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई।
कानपुर में OTP के बाद भी सिलेंडर नहीं
कानपुर में स्थिति और भी खराब है। गैस एजेंसियों पर पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद OTP आ जाता है, लेकिन सिलेंडर नहीं मिलता। एजेंसी वाले कहते हैं कि, ‘आपकी बुकिंग नहीं है’।एक पीड़ित महिला मुमताज ने बताया, मेरे घर में 5 बेटियां हैं। पर्ची और OTP मिलने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा। एजेंसी वाले रोज दौड़ा रहे हैं। मुझे बीपी की बीमारी है, रोज आने-जाने में 200 रुपये खर्च हो रहे हैं। अगर हम मर गए तो मेरी बच्चों को कौन देखेगा? कई अन्य महिलाएं और परिवार भी इसी तरह की शिकायत कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वे 2-3 दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा।
सरकार और प्रशासन की स्थिति
प्रशासन का कहना है कि पैनिक बुकिंग और सर्वर लोड के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन कुल मिलाकर आपूर्ति पर्याप्त है। कई जिलों में ब्लैक मार्केटिंग की जांच के लिए छापेमारी की जा रही है और कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है।हालांकि आम लोगों का कहना है कि ग्राउंड रियलिटी अलग है लंबी लाइनें, OTP के बावजूद सिलेंडर न मिलना और रोजाना की परेशानी बढ़ती जा रही है।यह संकट महिलाओं और आम घरों को सबसे ज्यादा प्रभावित कर रहा है, क्योंकि रसोई का काम ठप होने की नौबत आ रही है। सरकार से मांग की जा रही है कि जल्द से जल्द आपूर्ति सुधारी जाए और पैनिक बुकिंग पर लगाम लगाई जाए।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































