गोरखपुर: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को मिलेगा नया आधुनिक बालिका छात्रावास, सीएम योगी करेंगे शिलान्यास

UP: गोरखपुर (Gorakhpur) स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (Madan Mohan Malaviya University of Technology) में बुधवार को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक विकास की शुरुआत होने जा रही है। योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद 144 बेड क्षमता वाले नए बालिका छात्रावास का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना छात्राओं के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

सीएसआर फंड से बनेगा आधुनिक छात्रावास

यह छात्रावास पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) फंड के तहत निर्मित कराया जाएगा। भवन में भूतल सहित कुल चार तल होंगे, जिनमें प्रत्येक तल पर 12 कमरे बनाए जाएंगे। इस प्रकार कुल 48 कमरों में हर कमरे में तीन छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी।

Also Read: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले हाई अलर्ट, नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगेंगे 300 CCTV

उन्नत सुविधाओं से लैस होगा हॉस्टल

करीब 13.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह छात्रावास विश्वविद्यालय का छठा बालिका हॉस्टल होगा। इसमें मेस और डाइनिंग हॉल के साथ-साथ इंडोर गेम्स हॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की सुविधाएं, संगीत कक्ष, डिजिटल लाइब्रेरी और जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम वातावरण मिल सके।

एमओयू के बाद अब शिलान्यास, अन्य कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी के अनुसार, इस परियोजना के लिए पावरग्रिड के साथ 26 अगस्त 2025 को राज्यपाल की मौजूदगी में समझौता (एमओयू) हुआ था। अब 25 मार्च को मुख्यमंत्री इसके निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साइबर फोरेंसिक रिसर्च लैब का उद्घाटन करेंगे और विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए पुरस्कार भी वितरित करेंगे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)