हाथरस : जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां चंदपा थाना परिसर के शौचालय के अंदर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि चंदपा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी 15 अप्रैल को लापता हो गई थी। आरोप है कि गाजियाबाद के लोनी निवासी चंद्रपाल नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
इस मामले में किशोरी के पिता ने 18 अप्रैल को चंदपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने 23 अप्रैल को लोनी से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी युवक को भी हिरासत में लेकर चंदपा थाने ले आई।
Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत
लेकिन गुरुवार देर रात थाने के अंदर ही युवक ने शौचालय में जाकर फांसी लगा ली। जैसे ही घटना की जानकारी पुलिसकर्मियों को हुई, तो पूरे थाने में हड़कंप मच गया।आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक हाथरस का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं सूत्रों के मुताबिक, किशोरी और युवक की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।














































