जौनपुर में 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, 27 हजार से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

जौनपुर: सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कुल 27,110 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक केंद्र पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 6,651 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार के रूप में लंच बॉक्स, बैग, वाटर बोतल, पेंसिल और किताब आदि वितरित किए गए। विजेता बच्चों को पोर्टल से प्रमाण पत्र जनरेट होने के बाद वितरित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों को प्रोत्साहित करना रहा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का चयन स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शारीरिक विकास से जुड़े विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया।

ALSO READ: Mirzapur: चक्रवाती तूफ़ान और बारिश का कहर, सोते समय पक्के मकान की छत का एक हिस्सा ढहा, दब कर 5 लोग हुए घायल

कार्यक्रम के दौरान विजेता बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी।

माताओं को बच्चों के वजन और लंबाई की नियमित निगरानी कराने तथा विकास में किसी तरह की कमी दिखने पर समय से स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)