सीतापुर: यूपी के सीतापुर जिला जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर निसार की मंगलवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी में निसार के टीवी से पीड़ित होने की बात सामने आ रही है, जबकि जेल अधीक्षक के मुताबिक वह डायबिटीज का मरीज भी था।
निसार को हाल ही में अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री के भंडाफोड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया था। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए निसार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि आरोपियों के कब्जे से तमंचे, जिंदा कारतूस और अवैध असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत निसार को जिला जेल भेज दिया गया था।
जेल अधीक्षक प्रीति यादव ने बताया कि निसार डायबिटीज से पीड़ित था। बीती रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
निसार की मौत की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में पुलिस और जेल प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक चिकित्सकीय कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल जेल में बंद कैदी की मौत को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































