UP: रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर रायबरेली से लखनऊ लौट रहे लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में आईजी समेत सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
अचानक ब्रेक बनने से बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर लगभग चार बजे आईजी किरण एस पुलिस एस्कॉर्ट के साथ लखनऊ लौट रहे थे। हाईवे पर गुल्लूपुर पुलिस चौकी के समीप आगे चल रहे एक वाहन चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण पीछे चल रहे पुलिस एस्कॉर्ट के वाहन और आईजी की गाड़ी एक-दूसरे से टकराती चली गईं। हादसे में आईजी की कार और एस्कॉर्ट की तीन अन्य गाड़ियों समेत कुल चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
ALSO READ: Hathras: गांव में घरों पर लगे पलायन के पोस्टर, दबंगई के आरोपों से मचा हड़कंप
प्राइवेट वाहन से लखनऊ रवाना हुए आईजी
दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे के तुरंत बाद आईजी किरण एस दूसरी प्राइवेट गाड़ी में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह, सीओ सिटी आशीष निगम, थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज जीत बहादुर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ओवरटेकिंग के चक्कर में हुआ हादसा
एस्कॉर्ट के आगे चल रही कार के चालक शाश्वत अवस्थी निवासी गुल्लूपुर ने बताया कि हाईवे पर आगे जा रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में गाड़ियों की कतार लग गई थी। इसी दौरान आगे चल रहे वाहन के चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त दो वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















































