UP: गोण्डा- कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अपने-अपने केंद्रों पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने, ई-कवच पोर्टल अपडेट करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।टीकाकरण की समीक्षा में लापरवाही मिलने पर डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के आधार पर 39 एएनएम को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना के भुगतान की खराब प्रगति पर महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सम्भू दयाल और एकाउंटेंट प्रभात कुमार को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। भुगतान में सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।सीएचसी परसपुर में खराब प्रगति पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और अगले माह तक सुधार नहीं होने पर अधीक्षक को हटाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ दयानन्द प्रसाद, सीएमओ डॉ. संत लाल पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































