Bijnor: बिजनौर जनपद के थाना धामपुर क्षेत्र के नगीना-धामपुर मार्ग पर दुर्गा विहार कॉलोनी के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। नगीना की ओर से धामपुर लौट रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई। आमने-सामने की जोरदार टक्कर से आई-10 कार सवार गौतम (23) पुत्र स्वर्गीय कमल सैनी और सुमित (24) पुत्र महेंद्र सिंह की मौत हो गई।
जानिए क्या है पूरा मामला?
बताया गया कि गौतम और सुमित अपने दोस्त शुभम सैनी पुत्र शीशराम व वासु पुत्र चंद्र सिंह के साथ कार से धामपुर लौट रहे थे। हादसे में शुभम और वासु भी गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी धामपुर पहुंचाया, जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है।
वहीं, अर्टिगा कार में सवार लोगों को भी चोटें आईं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अन्य वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भिजवा दिया है और पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।












