चंदौली: जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार, 26 सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी पत्रांक बेसिक शिक्षा/3942/2026-27, दिनांक 25 सितंबर 2026 के आदेश के अनुसार, 26 सितंबर को जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।
Advertisement
Also Read: Bijnor में किसानों का प्रदर्शन, गन्ने का दाम ₹800 कुंतल करने की मांग
बीएसए ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। आदेश के बाद कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शनिवार को विद्यालय नहीं जाना होगा।
हालांकि शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए विद्यालय बंद नहीं रहेगा। आदेश के अनुसार सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित होकर डीबीटी, अपार आईडी, यू-डायस समेत अन्य विभागीय कार्य संपादित करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और संबंधित विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के बीच स्कूल बंद किए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।



