भारतीय ध्वज वाला एलपीजी गैस टैंकर जग विक्रम ने 11 अप्रैल को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया। यह जहाज शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच इस संवेदनशील मार्ग से गुजरा और शनिवार दोपहर तक ओमान की खाड़ी में पहुंच गया। अब यह भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति को लेकर राहत की स्थिति बनी है।
कांडला पहुंचने की तैयारी
जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल के अनुसार, इस जहाज पर लगभग 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी और 24 नाविक सवार हैं। अनुमान है कि यह 14 अप्रैल तक कांडला बंदरगाह पहुंच जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के सभी बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी भीड़भाड़ या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं है।
फारस की खाड़ी से निकलने वाले जहाजों की स्थिति
मार्च की शुरुआत से अब तक जग विक्रम फारसी खाड़ी से बाहर निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज बन गया है। हालांकि, अभी भी 15 भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं। इसके अलावा, भारत के लिए कार्गो लेकर चल रहे कई विदेशी झंडे वाले जहाज भी इसी क्षेत्र में रुके हुए हैं, जिससे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बना हुआ है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































