लखनऊ: दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

लखनऊ: पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार सुबह प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह (Sandeep Singh) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि संदीप किसी काम से बाहर निकले थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक गोली उनके सिर के पास लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

 डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

वारदात के बाद घायल संदीप सिंह को तुरंत इलाज के लिए एपेक्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी हालत बेहद गंभीर बताई और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। काफी प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। संदीप सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े हुए थे।

Also Read: ’18 सिम बदलकर शिवम-शनि पुलिस को दे रहे चकमा…’, लखनऊ गैंगरेप मामले में फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध बाइक पर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी

मामले को लेकर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह को गोली मारने की घटना में एफआईआर दर्ज की जा रही है। शुरुआती जांच में बाइक सवार दो युवकों की भूमिका सामने आई है। पुलिस हमले के पीछे की वजह तलाशने के साथ-साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)