अमेठी : शहर में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीपरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित सात वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में की गई।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्राधिकारी अमेठी के नेतृत्व में थाना पीपरपुर पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर वारंटियों की धरपकड़ की। पुलिस ने वाद संख्या 480/25 और मुकदमा अपराध संख्या 146/22 से जुड़े छह वारंटियों को गिरफ्तार किया।
इन पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और शांति भंग करने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद कश्यप, किशन, रामसुन्दर, सन्दीप, संगम और शिवलाल कश्यप निवासी सवनगी थाना पीपरपुर शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य मामले में एनसीआर संख्या 123/11 से संबंधित वारंटी मुजीब पुत्र मोबीन निवासी ग्राम मोचवा थाना पीपरपुर को भी गिरफ्तार किया।
Also Read : पुलिस टीम पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ की धाराओं में मामला दर्ज था। थाना पीपरपुर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक वीरेन्द्र राय, उपनिरीक्षक संकठा प्रसाद मौर्य, कांस्टेबल अनुज सिंह, अनिल यादव, विष्णु कुमार, धीरज राजपूत, सौरभ सिंह और ऋषि भदौरिया शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।













































