राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 9 मई 2026 की है। उपनिरीक्षक महेश कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि पुलिस टीम अपनी ड्यूटी पर थी, तभी कुछ लोगों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, सरिया तथा ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला किया, जिससे पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
हमलावरों ने सरकारी वाहन यूपी 76 जी-0311 में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र बृहपाल निवासी चाचूपुर जटपुरा थाना राजेपुर तथा कश्मीर पुत्र रामगुलाम निवासी चाचूपुर जटपुरा थाना राजेपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 221, 132, 121(2), 352, 109 के अलावा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम एवं आपराधिक विधि संशोधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विकास के खिलाफ पहले भी अपहरण समेत अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
Also Read : सीएम योगी ने मंत्रियों के साथ बैठक की, अपना काफिला छोटा किया
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद वर्मा, हेड कांस्टेबल विनय कुमार, कांस्टेबल दिनेश कुमार अत्री और सौरभ सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











































