फर्रुखाबाद/राजेपुर। राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर गांव में रविवार देर शाम हुए बवाल और पुलिस टीम पर पथराव की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सोमवार को पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च निकालकर साफ संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय और थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने थाना पुलिस, जोनल फोर्स और क्यूआरटी टीम के साथ चाचूपुर गांव की गलियों में पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस बल ने गांव के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने बवाल में शामिल होने के संदेह में करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
SOG टीम की ताबड़तोड़ दबिश
घटना के बाद एसओजी टीम भी पूरी तरह सक्रिय नजर आई। टीम ने गांव में कई संदिग्धों के घरों पर दबिश दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के डर से कई संदिग्ध युवक गांव छोड़कर फरार हो गए हैं।
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज, मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पर हमला करने और कानून हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव बना पुलिस छावनी
स्थिति को देखते हुए चाचूपुर गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। गांव के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और दिन-रात गश्त जारी है ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल चाचूपुर में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन गांव में पुलिस की कड़ी निगरानी लगातार जारी है।












































