उत्तर प्रदेश : बलिया पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फेफना थाना पुलिस ने एक शातिर चोर और तीन बाल अपचारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की है। ये चोर इन गाड़ियों को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
घटना सोमवारी 11 मई की है। फेफना पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग और पुराने मामलों की विवेचना में जुटी थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक गनेश पांडेय को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बघेजी गांव के पास झाड़ियों में कुछ संदिग्ध लोग चोरी की बाइकों के साथ छिपे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए बघेजी गांव के पास नहर पुलिया की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने चारों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में मुख्य अभियुक्त राजू उर्फ शमशेर यादव 19 वर्ष है, जो गड़वार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके साथ तीन अन्य किशोर भी शामिल थे। तलाशी के दौरान झाड़ियों से 4 मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने UP60 AY 9067 रामगढ़ से चोरी, UP 60 AB 8126 फेफना क्षेत्र से चोरी, UP 60 AR 9469 गड़वार क्षेत्र से चोरी, UP 60 AK 2687 महेश सिंह की बाइक बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने यह गाड़ियां मुबारकपुर, रामगढ़, बलेजी शराब ठेके के पास और सिहांचौर बाजार जैसे इलाकों से चुराई थी। आज रात ही इन गाड़ियों को बॉर्डर पार कराकर बिहार में ठिकाने लगाने वाले थे, जिससे पहले ही वह पुलिस की हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करने के साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।












































