UP: मथुरा मांट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को 28 सितंबर की देर रात कथित तौर पर धमकी भरे फोन कॉल आने का मामला सामने आया है। विधायक ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें मुसलमानों के खिलाफ बयानबाजी नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही विधायक और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
विधायक ने पुलिस से की शिकायत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद राजेश चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से शिकायत की। विधायक ने बताया कि उन्हें पहले भी पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों से इसी तरह की धमकी भरी कॉल मिल चुकी हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कराने के साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
लगातार आईं दो कॉल, अभद्र भाषा का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को विधायक के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके कुछ समय बाद एक और कॉल आने की बात सामने आई है। विधायक ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी उन्हें इस तरह की फोन कॉल मिलती रही हैं। मामले से जुड़े सभी मोबाइल नंबर पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिए हैं।
साइबर सेल खंगाल रही कॉल करने वालों की जानकारी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब साइबर सेल की मदद से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस बोली- जल्द होगी आवश्यक कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि विधायक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में सभी संबंधित नंबरों को जांच में शामिल किया गया है। साइबर सेल तकनीकी माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।














