चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर 500 से ज्यादा बंदरों का आतंक, सफाई अभियान की मेहनत पर फेर रहे पानी

चंदौली: बुधवार को डीडीयू जंक्शन पर चल रहे स्वच्छता अभियान के बीच बंदरों की धमा-चौकड़ी रेलवे की सफाई व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने के लिए 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, यार्ड और कार्यालयों में नियमित सफाई के साथ यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से सफाई की निगरानी भी की जा रही है, लेकिन स्टेशन परिसर में मौजूद बंदरों का झुंड अभियान की मेहनत पर पानी फेर रहा है।

स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 500 से अधिक बंदरों का झुंड मौजूद रहता है। बंदर प्लेटफॉर्म पर रखे कूड़ेदानों को पलटकर उनमें मौजूद कचरा इधर-उधर बिखेर देते हैं। सफाई के कुछ ही देर बाद प्लेटफॉर्म पर फिर गंदगी फैल जाती है। इससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीडीयू जंक्शन पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख और व्यस्ततम स्टेशनों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 30 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं और ढाई सौ से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में बंदरों की मौजूदगी यात्रियों के लिए परेशानी के साथ खतरे का कारण भी बन रही है। कई बार बंदर यात्रियों के हाथ से खाने-पीने का सामान छीनकर भाग जाते हैं।

Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश

स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों की सफाई की जिम्मेदारी गृह प्रबंधन एवं रखरखाव विभाग को दी गई है। निगरानी के लिए सात सफाई निरीक्षक तैनात हैं। निजी कंपनी के कर्मचारी दिन में तीन बार स्टेशन की सफाई करने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद बंदरों के कारण प्लेटफॉर्म पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई और जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, लेकिन बंदरों की समस्या के कारण सफाई के कुछ समय बाद ही स्थिति बिगड़ जाती है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सफाई के साथ बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

जनसंपर्क अधिकारी व डीसीएम विश्वनाथ ने बताया कि स्थानीय रेलवे स्टेशन सहित पूरे मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। साफ-सफाई के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। बंदर परेशानी का कारण बन रहे हैं। इन्हें भगाने के लिए आवश्यक कवायद की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)