वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाच मोचन स्थित कुंड में बुधवार को डूबने से मलदहिया मलिन बस्ती निवासी युवक राजू की मौत हो गई। सूचना पर सिगरा पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को कुंड से बाहर निकाला।
पुलिसकर्मी शव को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर परिजनों और पुलिसकर्मियों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि परिजन स्ट्रेचर पर रखा शव उठाकर ई-रिक्शा से अस्पताल परिसर से निकल गए। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर ई-रिक्शा रोककर शव बरामद कर लिया।
ALSO READ: Banda: UPI पर MDR को लेकर व्यापारियों में उबाल, PM के नाम DM को सौंपा ज्ञापन
जानकारी के अनुसार राजू बुधवार को अपने दो दोस्तों के साथ पिशाच मोचन कुंड के पास गया था। सूत्रों के मुताबिक तीनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। इसी दौरान राजू का पैर फिसल गया और वह कुंड में जा गिरा। उसके डूबने की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।
एनडीआरएफ ने कुछ देर की तलाश के बाद राजू का शव कुंड से बाहर निकाला। पुलिसकर्मी शव को लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
पुलिस के अनुसार इसी दौरान परिजनों ने स्ट्रेचर पर रखा शव उठा लिया और ई-रिक्शा में रखकर अस्पताल से निकल गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे ई-रिक्शा लेकर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया और कुछ दूरी पर सड़क पर ई-रिक्शा को रोक लिया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पिशाच मोचन कुंड में युवक के डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कबीरचौरा अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि परिजन पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर शव लेकर भागने लगे थे, जिन्हें कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



















































