राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, कमिश्नर विजयेंद्र पांडियन, सांसद मुकेश राजपूत समेत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग के इस महाआयोजन में करीब एक हजार लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और निरोगी समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, कानपुर मंडल के आयुक्त विजयेंद्र पांडियन, सांसद मुकेश राजपूत, विधायकगण, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्रों पर माल्यार्पण कर भारतीय योग परंपरा को नमन किया। सुबह पांच बजे से ही स्टेडियम में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था और साढ़े पांच बजे कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। मास्टर ट्रेनर एवं योग प्रशिक्षक अंकुर द्विवेदी ने उपस्थित लोगों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान पूरा स्टेडियम योगमय वातावरण में डूबा नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक योग किया।

इस अवसर पर कानपुर मंडल के आयुक्त विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” है, जो बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन 30 से 40 मिनट योग करने की अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

Also Read : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गोरखपुर हवाई अड्डे पर हुआ भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि योग आज भारत की वैश्विक पहचान बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्वव्यापी मान्यता मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा दवाओं पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने लोगों से वर्ष के 365 दिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग तनाव, अवसाद और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी योग ने लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विधायक डॉ. सुरभि गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अजीत पांडे, प्रभात अवस्थी, डीएस राठौर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। योग दिवस के इस विशाल आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और बेहतर जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)