फर्रुखाबाद। जनपद के शिक्षकों के लिए बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला 8 जुलाई को फतेहगढ़ स्थित जे.जे.आर. पैलेस (पुलिस लाइन) में आयोजित कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का विधिवत शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।
यह योजना प्रदेश के शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इसके तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारी या इलाज के दौरान आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा व शिक्षक कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से अपने विचार रखेंगी। साथ ही योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।
इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
शिक्षकों के लिए बड़ी राहत
‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का उद्देश्य शिक्षकों और उनके पात्र आश्रितों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। योजना लागू होने के बाद सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के दौरान शिक्षकों को जेब से तत्काल खर्च नहीं करना पड़ेगा, जिससे आर्थिक राहत मिलने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच भी आसान होगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































